सीसीटीवी से मौत के कारणों का हुआ खुलासा
सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि 27 सितंबर की शाम 5.19 बजे बहादुर गोयला गांव से ताजपुर गांव रोड पर जा रहा था। कुछ दूर जाने के बाद वह सड़क के किनारे एक खेत के पास बैठ गया। कुछ देर बाद वह वहां सड़क की तरफ मुंह कर लेट गया। शाम करीब 5.55 बजे एक सफेद रंग की कार उस सड़क पर आई।
कार चालक ने सड़क किनारे सो रहे बहादुर पर कार का अगला पहिया चढ़ा दिया। किसी चीज पर पहिया चढ़ने का अहसास होने पर चालक कार रोककर नीचे उतरा। बहादुर को कार के नीचे घायल देखकर चालक ने उसे नीचे से उसे खींचकर बाहर निकाला। घायल बहादुर को अस्पताल पहुंचाने के बजाए चालक उसे घायल अवस्था में खेत में छोड़ दिया।
उसके बाद चालक कार को तेज रफ्तार में लेकर वहां से लेकर फरार हो गया। घटना का खुलासा होने पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि कार नंबर के जरिए चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।