पूर्वी दिल्ली। गाजीपुर इलाके में हेडगेवार रोड पर बुधवार सुबह एक ट्रक ने 19 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक समेत फरार हो गया। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10.37 बजे गाजीपुर थाना पुलिस को सड़क हादसे की खबर मिली। कॉलर ने बताया कि हेडगेवार रोड पर इंटीग्रेटेड फ्रेट कॉम्प्लेक्स सीएनजी पंप के नजदीक एक वाहन ने युवक को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आकाश नामक व्यक्ति ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई। रोहित घड़ोली गांव की सपेरा बस्ती में रहता था। परिवार में पिता कैलाश, मां व अन्य सदस्य हैं। फरार चालक का सुराग लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ब्यूरो