छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि वारदात के समय चारों नाबालिग नशे की हालत में थे। इन लोगों ने अरुण से बीड़ी मांगी। मना करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अरुण ने दम तोड़ दिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है। अरुण की हत्या के आरोप में पकड़े गए चारों नाबालिगों की उम्र 15 से 17 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम कराकर अरुण का शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से बहराइच, यूपी का रहने वाला अरुण अपने परिवार के साथ मुल्ला कालोनी के नजदीक पेपर मार्केट एरिया में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन है। अरुण गुजरात में एक नमकीन बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। अभी पांच दिनों पूर्व ही वह छुट्टी लेकर घर आया था।
मंगलवार शाम करीब 6.45 बजे अरुण अपने छोटे भाई करन के अलावा दोस्त मस्तराम और रितिक के साथ बाहर किसी काम से निकला था। इस बीच छोटी मस्जिद मुल्ला कालोनी के पास चार लड़कों ने अरुण से पीने के लिए बीड़ी मांगी। मना करने पर आरोपी आग बबूला हो गए। इन लोगों ने अरुण को पकड़ा और चाकू से हमला कर दिया।
बाद में आरोपी फरार हो गए। करन और उसके दोस्त अरुण को एलबीएस अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान अरुण ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सीसीटीवी से पड़ताल की। छानबीन के बाद पुलिस ने चारों नाबालिगों को दबोच लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।