कड़कड़डूमा कोर्ट में बृहस्पतिवार शाम पेशी के लिए लाए गए एक युवक ने पुलिस कस्टडी में ही अदालत की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। मृतक की शिनाख्त दीपक कुमार (23) के रूप में हुई है। बुधवार को ही पुलिस ने दीपक को पॉक्सो, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट में गिरफ्तार किया था। दीपक पर आरोप था कि उसने अपनी एक जानकार लड़की की अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दी थी।
आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहा था, इसके बाद लड़की की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दीपक को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। परिजनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद से दीपक काफी तनाव में था। शायद इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। पुलिस के मुताबिक दीपक परिवार के साथ ई-ब्लॉक, जगजीत नगर, न्यू उस्मानपुर में रहता था।
इसके परिवार में माता-पिता, दो भाई व एक बहन हैं। ग्रेजुएशन करने के बाद दीपक अपना ही सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम कर रहा था। मंगलवार को इलाके की ही रहने वाली एक लड़की ने दीपक के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो और आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज करवाया था।