नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त बागपत निवासी दीपक (22) के रूप में हुई है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि प्रेम प्रसंग में झूठी आन की खातिर दीपक को मौत के घाट उतारा गया। शरीर पर चोटों के निशान मिलने के अलावा चेहरे को भी किसी भारी वस्तु से कुचला हुआ था। छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से आपत्तिजनक सामग्री मिली है। पुलिस व दीपक के परिजन मामले में कुछ भी बोलने को तैैयार नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रेम प्रसंग की बात तो सही है, लेकिन हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। सीसीटीवी कैमरों से पड़ताल की जा रही है। करावल नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बागपत का रहने वाला दीपक पिछले तीन-चार दिन से अपने चाचा के पास करावल नगर के दयालपुर के रामा गार्डन आया हुआ था। दीपक का चाचा के घर के पास में ही रहने वाली किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के घर वाले दीपक को पसंद नहीं करते थे। बुधवार रात को अचानक दीपक घर से गायब हो गया। परिजन उसकी तलाश करते रहे। इस दौरान बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को करावल नगर में एक जिम के पास युवक का शव खून से लथपथ मिला। मृतक के पास उसकी पहचान का कोई दस्तावेज नहीं था, लेकिन उसकी जेब से आपत्तिजनक सामान मिला। दीपक के परिजनों ने शाम को उसकी पहचान कर ली। छानबीन के दौरान परिजनों ने उसके प्रेम प्रसंग की बात की।
सूत्रों का कहना है कि इस बात की आशंका है कि दीपक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, जहां लड़की के परिजनों ने दोनों को साथ में देखकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस लड़की के परिजनों से भी पूछताछ का प्रयास कर रही है। वहीं पुलिस दीपक के मोबाइल फोन की लोकेशन का भी पता लगा रही है। फिलहाल मामले पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अभी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से भी मामले की पड़ताल कर रही है।