नई दिल्ली। शाहदरा के ज्वाला नगर में मंगलवार को मकान गिरने के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार और एमसीडी को घेरा। आप नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और एमसीडी में भ्रष्टाचार व लापरवाही के कारण लगातार इमारतें गिर रही हैं और लोगों की जान जा रही है। अंकुश नारंग ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों और भवन मालिक की जवाबदेही तय करने की मांग की। वहीं, एमसीडी के सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि सत्य निकेतन, सैदुल्लाजाब, चावड़ी बाजार और सीमापुरी के हादसों से सरकार ने कोई सबक नहीं लिया। एमसीडी की सह प्रभारी प्रीति डोंगरा ने कहा कि खतरनाक इमारतों का मुद्दा सदन और स्थायी समिति में उठाने के बावजूद जांच नहीं कराई गई। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मेयर प्रवेश वाही से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। ब्यूरो