नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मैदान गढ़ी इलाके में एक महिला ने अपने देवर के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले में ठिकाने लगा दिया गया। पुलिस को 14 मार्च को शव बरामद हुआ तो मामले की छानबीन शुरू हुई। चार दिनों के भीतर ही पुलिस ने हत्याकांड की गुत्थी से पर्दा उठाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रेमा (40) और उसके देवर बिकेश (28) के रूप में हुई है। दरअसल प्रेमा और बिकेश के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं, जिसका पता मृतक कुलदीप (42) को लग गया था। कुलदीप ने विरोध किया तो आरोपियों ने 13 मार्च की रात उसकी की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल साड़ी व अन्य सामान आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि 14 मार्च को झंडा कालोनी के नाले से एक युवक का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसकी पहचान के प्रयास किए। काफी मशक्कत के बाद मृतक की शिनाख्त असौला गांव निवासी कुलदीप के रूप में हुई। जांच में पता चला कि घटना वाले दिन से कुलदीप की पत्नी प्रेमा और उसका रिश्ते का भाई बिकेश व कुलदीप का 12 साल का बेटा गायब है। सूचना के बाद पुलिस ने प्रेमा और बिकेश की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने मंगलवार को इन्हें इलाके से दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि कुलदीप इलाके में ही छोले भटूरे की रेहड़ी लगाता था। कुछ दिनों पूर्व काम की तलाश में बिकेश दिल्ली आया था। उसने इनके साथ रहना शुरू कर दिया। इस बीच उसकी नजदीकी प्रेमा से बढ़ गई। एक दिन कुलदीप ने प्रेमा और बिकेश को एक साथ देख लिया। विरोध करने पर दोनों ने कुलदीप की हत्या की योजना बना ली। 13 मार्च की रात को बिकेश ने कुलदीप को शराब पिलाई, बाद में साड़ी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।