उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर स्थित मूंगानगर की वारदात, हमले के बाद आरोपी पति फरार
पत्नी को जग प्रवेश चंद अस्पताल में कराया गया भर्ती, छानबीन जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पीड़िता सलमा (27) बुरी तरह जख्मी हो गई। गंभीर हालत में उसे जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले के बाद आरोपी पति अजीम खान मौके से फरार हो गया।
सलमा के परिजनों ने आरोप लगाया कि बेटी पैदा होने पर अजीम बुरी तरह नाराज हो गया था। इसी बात पर उसने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने सलमा का बयान लेकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, सलमा परिवार के साथ गली नंबर-1, मूंगानगर, दयालपुर इलाके में रहती है। करीब दो साल पहले सलमा की अजीम से शादी हुई थी। अजीम का सिलाई काम है। परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही वह दहेज के लिए उसे परेशान करता था।