कोरोना वैक्सीन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
राजधानी में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही दिल्ली की सभी जेलों में कैदियों को वैक्सीन लगाने का काम भी जोरों पर है। शनिवार को रोहिणी जेल में भी टीकाकरण केंद्र शुरू हो गया है। दिल्ली की जेलों में अब तक 363 कैदियों को वैक्सीन का पहली खुराक लगाई जा चुकी है।
तिहाड़ जेल महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया कि जेल प्रशासन कोविड-19 को लेकर काफी गंभीर है और इससे बचाव के लिए हरसंभव कोशिश कर रहा है। तिहाड़ जेल में 23 मार्च को कोविड वैक्सीन सेंटर बनाया गया था।
उन्होंने बताया कि नियम के अनुसार ही पहले बुजुर्ग व बीमार कैदियों और 45 से अधिक उम्र वाले कैदियों को टीके लगाए जा रहे हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक तिहाड़ जेल में अब तक 262, मंडोली जेल में 33 और रोहिणी जेल में 68 कैदियों को टीके लगाए जा चुके हैं।