यूजीसी ने विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को दिया निर्देश
विश्वविद्यालय डिजिटल भुगतान के लिए जागरूकता अभियान चलाएं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को फीस और वित्तीय लेनदेन के लिए डिजिटल माध्यम का प्रयोग करने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालयों को छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों समेत अन्य हितधारकों को डिजिटल भुगतान के लिए जागरूक भी करना होगा।
यूजीसी की ओर से इस संबंध में राज्यों के शिक्षा सचिव और विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र लिखा गया है। इसमें लिखा है कि वह विश्वविद्यालयों और काॅलेजों में वित्तीय लेनदेन (भुगतान और रसीदें) के लिए डिजिटल भुगतान को अपनाएं। इसके अलावा कैंपस में ''''जागरूकता कार्यक्रम चलाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल भुगतान से जुड़ सकें। इसके लिए वह अपने पार्टनर बैंक यानी विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षण संस्थानों का सेवाओं के लिए जिन बैंकों के साथ करार है, उनके माध्यम से डिजिटल भुगतान की जागरूकता के लिए मदद ले सकते हैं।