नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की सदन की बैठक मंगलवार को हंगामेदार रही। विपक्ष के नेताओं ने भाजपा शासित निगम पर छात्रवृत्ति मामले में कथित तौर पर घोटाले का आरोप लगाते हुए वेल में पहुंचकर प्रदर्शन किया और महापौर के इस्तीफे की मांग की। दरअसल, नेता सदन नरेंद्र चावला ने सदन की कार्यवाही शुरू की। इसके बाद आप की ओर से नेता विपक्ष प्रेम चौहान ने भाजपा शासित निगम पर छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए घोटाले की जांच की मांग की। महापौर से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। साथ ही अन्य नेता भी प्रदर्शन करते हुए वेल में पहुंच गए।
आप के नेताओं ने हाथ में तख्ती लेकर महापौर के इस्तीफे की मांग की। इसको देख सदन की बैठक को15 मिनट तक के लिए स्थगित कर दिया गया। बैठक शुरू होने पर आप के नेताओं ने फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इस पर महापौर ने प्रस्तावों को पास कर बैठक को आनन-फानन में खत्म किया।
-------
हर वार्ड में लगेंगे 20 हॉटस्पॉट, सस्ते इंटरनेट की मिलेगी सुविधा
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में 20 हॉटस्पॉट लगाए जाएंगे। इस प्रस्ताव को स्थायी समिति की बैठक में पास कर दिया गया है।
स्थायी समिति के अध्यक्ष राजदत्त गहलोत ने बताया कि हॉटस्पॉट को वार्ड के अंतर्गत आने वाली छोटी दुकानें पर लगाया जा सकेगा। साथ ही निगम पार्षद जिन 20 स्थानों का प्रस्ताव देंगे, वहां वाईफाई की सुविधा दी जाएगी। इन हॉटस्पॉट के संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय दुकानदारों की होगी। इन स्थानों पर नागरिक 10 मिनट से लेकर एक घंटे या मासिक शुल्क देकर वाई-फाई की सुविधा ले सकेंगे। यह सुविधा अन्य निजी वाईफाई से बहुत सस्ती होगी।
गहलोत ने बताया कि पीएम वाणी योजना के तहत वाईफाई का कनेक्शन निगम की ओर से लगाया जाएगा और दुकानदारों को निर्धारित किए गए विक्रेताओं से राउटर खरीदना होगा। इस पहल से अनधिकृत कॉलोनी में रहने वाले लोगों को सस्ती दरों पर इंटरनेट का लाभ मिलेगा और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।