कोविड की वजह से लगे लॉकडाउन से अब सभी को राहत मिल जाएगी। सोमवार से दिल्ली काफी हद तक अपने रंग में दिखेगी। दिल्ली की लाइफ लाइन माने जाने वाले मेट्रो, डीटीसी में सौ प्रतिशत बैठने की क्षमता के साथ चलने से आवागमन की सुविधा लोगों को होगी तो वहीं कार्यालय, बाजार, रेस्टोरेंट, होटल, मॉल, स्पा सेंटर, अस्पताल समेत अन्य जगहों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
कोविड के दौरान थमीं दिल्ली को आज से रफ्तार मिलेगी। संक्रमण दर में गिरावट को देखते हुए पाबंदियों में काफी हद तक छूट मिल जाएगी। इसे लेकर तैयारियां भी शुरू हो गई है। लिहाजा अब लोग मल्टीप्लेक्स व सिनेमा हॉल में मनोरंजन कर सकेंगे तो वेलनेस एंड स्पा सेंटर में तरोताजा हो सकेंगे। शादी-समारोह के लिए बैक्वीट हॉल की बुकिंग कर समारोह की तैयारी कर सकेंगे। शादी-समारोह में 100 लोगों के शामिल होने की मिली छूट से बैक्वीट हॉल भी गुलजार हो जाएगा। इसी तरह दिल्ली के करीब पांच हजार स्पा सेंटरों के खुल जाने से रोजगार का संसाधन बढ़ जाएगा।
स्कूल-कॉलेज, शिक्षण संस्थान, कोचिंग इंस्टीट्यूट, राजनीतिक सम्मेलन, समाजिक सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल-कूद आयोजन, समारोह के आयोजन पर तो पाबंदी रहेगी। अंतिम यात्रा में भी सोमवार से 100 लोग शामिल हो सकेंगे।
जारी दिशा-निर्देश में सिनेमा, मल्टीप्लेक्स भी 50 प्रतिशत बैठने की क्षमता के साथ खुल जाएगा। इसी तरह ऑडिटोरियम, एसेंबली हॉल में भी 50 प्रतिशत क्षमता बैठने की क्षमता के साथ खुलेंगे। रविवार को इसकी तैयारी भी पूरी हो गई है।
स्पा सेंटर खोलने की तैयारी पूरी
दिल्ली वेलनेस स्पा एसोसिएशन की अध्यक्ष पूजा चटर्जी झा ने बताया कि दिल्ली के सभी स्पा सेंटर खोलने की तैयारी पूरी हो गई है। हालांकि कोविड की वजह से ज्यादातर स्टाफ घर चले गए है। उन्हें बुलाने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली में पांच हजार स्पा सेंटर है जिससे एक लाख से भी अधिक लोग जुड़े है। इतना ही नहीं ब्यूटी प्रोडक्ट से जुड़े लोगों का रोजगार भ्ी वापस पटरी पर लौटेगा। कोविड के तय नियमों के साथ ही स्पा सेंटर खुलेंगे। इसके पहले भी कोविड प्रोटोकॉल का पूरे तरह से पालन किया गया था लिहाजा सोमवार से किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
बैक्वीट हॉल की बुकिंग शुरू
दिल्ली बैक्वीट एसोसिएशन के संजीव नागपाल ने बताया कि डीडीएम के दिशा-निर्देश से साकारात्मकता आई है। शादी-समारोह के लिए बुकिंग की शुरुआत होनी शुरू हो गई है। लोगों में अब आस जगी है कि अभी 100 लोगों की अनुमति मिली है आने वाले दिनों में संख्या में बढ़ोत्तरी भी होगी। लिहाजा अक्तूबर-नवंबर के लिए ज्यादा बैक्वीट हॉल की बुकिंग हो रही है। स्टाफ को भी बुलावा भेजा जा रहा है। रोजगार के साथ दिल्ली की आर्थिक व्यवस्था भी बेहतर होगी।
बिजनेस से जुड़ी गतिविधिया बेहतर होंगी
बिजनेस टू बिजनेस एक्जिबिशन की अनुमति मिलने से बाजार की स्थिति अच्छी होगी। यूनिटी मॉल ग्रुप के अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देश से मॉल की रौनक तो बढ़ेगी ही साथ ही बिजनेस से जुड़ी गतिविधियां भी बेहतर होंगी। हालांकि मल्टीप्लेक्स खोलने में कुछ वक्त लग सकता है। क्योंकि इसके लिए तैयारियां करनी होती है। डीडीएमए के गाइड लाइन और लोगों के मनोविज्ञान के देखने के साथ ही मल्टीप्लेक्स खोले जाएंगे।
इस बार के लिए दिशा-निर्देश
- अब 100 फीसदी क्षमता से चलेंगी मेट्रो और डीटीसी बसें
- कोविड के दौरान थर्मी दिल्ली को एक बार फिर मिलेगी रफ्तार
- दिल्ली की लाइफ लाइन मेट्रो व डीटीसी 100 प्रतिशत बैठने की क्षमता के साथ चलेगी
- शादी-समारोह में 100 लोगों को शामिल होने की छूट मिली
- अंतिम यात्रा में अब 20 लोगों की जगह 100 लोगों को जाने की मिली छूट
- सिनेमा, मल्टीप्लेक्स, ऑडिटोरियम, समारोह स्थल 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे
- कोविड के कड़े दिशा-निर्देश के साथ स्पा सेंटर को भी खोलने की मिली अनुमति
- स्कूल-कॉलेज, शिक्षण संस्थान, कोचिंग इंस्टीट्यूट, राजनीतिक सम्मेलन, समाजिक सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल-कूद आयोजन, समारोह के आयोजन पर पाबंदी बरकार रखी गई है
- कई शर्तो के साथ दिल्ली की आर्थिक गतिविधियों को खोलने का निर्देश