दुकानदारों ने दुकानों पर गर्व से कहो हम स्वदेशी हैं का स्टीकर लगाकर स्वदेशी सामान बेचने का संकल्प लिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मंगलवार को आजादपुर कमर्शियल काम्प्लेक्स मार्केट के दुकानदारों से मुलाकात की और जीएसटी रिफार्म पर चर्चा की। उन्होंने दुकानदारों से आग्रह किया कि इस बचत उत्सव का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। उनके साथ इलाके के विधायक राजकुमार भाटिया भी मौजूद रहे। इस दौरान दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर गर्व से कहो हम स्वदेशी हैं का स्टीकर लगाया और स्वदेशी सामान बेचने का संकल्प लिया।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि जीएसटी रिफार्म से दुकानदारों और उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा, दुकानदारों ने इसे उत्साहपूर्वक अपनाया है और इस कदम से दिवाली के समय बाजार में सकारात्मक माहौल बनेगा। उन्होंने यह भी बताया कि व्यापारी वर्ग ने फूल देकर अपने समर्थन का इजहार किया और उपभोक्ताओं से अपील की कि वे केवल स्वदेशी सामान ही खरीदें। वीरेंद्र सचदेवा ने बताया, जीएसटी रिफार्म के बाद दवाई, स्टेशनरी, जूते, खिलौने आदि के दाम कम हुए हैं। इसका उपभोक्ताओं को सीधे लाभ मिलेगा। लिहाजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली से पहले देशवासियों को डबल डिस्काउंट का तोहफा दिया है। आज व्यापारी वर्ग से लेकर उपभोक्ता तक सभी स्वदेशी अपनाने की बात कर रहे हैं और यही बदलते भारत की तस्वीर है।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने दुकानदारों और उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि सरकार लगातार बाजार सुधार और उपभोक्ता हितों के लिए काम कर रही है।