नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने गया और दानापुर से शकूरबस्ती के बीच दो अनारक्षित पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेनें मंगलवार को संचालित की जाएंगी। रेलवे के अनुसार, गया-शकूरबस्ती (03641) और दानापुर-शकूरबस्ती (03263) पूजा स्पेशल एक-एक फेरी के लिए चलाई जाएंगी। पहली ट्रेन गया-शकूरबस्ती गया से 28 अक्तूबर को दोपहर 3:45 बजे रवाना होगी। यह रफीगंज, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, चंदौली मझवार, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गाजियाबाद और नई दिल्ली होते हुए अगले दिन सुबह 11 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन 03263 दानापुर-शकूरबस्ती 28 अक्तूबर को शाम 3:45 बजे दानापुर से चलेगी। यह ट्रेन आरा, बक्सर, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गाजियाबाद और नई दिल्ली स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन सुबह 10:30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। दोनों ट्रेनों में स्लीपर और जनरल श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। ब्यूरो