मेट्रो की रेड लाइन के झिलमिल स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक शख्स ने बीमारी से तंग आकर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, लेकिन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया, जिससे शख्स की जान बच गई। वहीं, येलो लाइन के घिटोरनी मेट्रो स्टेशन पर भी एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
उसे घायल अवस्था में अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर जांच कर रही है। उधर, इन घटनाओं से दोनों लाइन पर लगभग 20 मिनट पर सेवा प्रभावित रही।पुलिस के मुताबिक, पहली घटना झिलमिल मेट्रो स्टेशन की है। शुक्रवार सुबह 11:20 बजे पुलिस को एक शख्स के ट्रैक पर कूदने की सूचना मिली।
मौके पर पुलिस को नंद नागरी निवासी किशनलाल (55) मिला। पूछताछ में पता चला कि किशनलाल को गले का कैंसर हैं, जिसकी वजह से वह काफी परेशान है। बीमारी से तंग आकर उसने खुदकुशी के लिए मेट्रो ट्रेन के आगे छलांग लगाई थी, लेकिन उसे ट्रैक पर कूदते देख चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे जान बच गई।
इसी बीच पुलिस को घिटोरनी मेट्रो स्टेशन पर एक व्यक्ति के ट्रेन के आगे छलांग लगाने की सूचना मिली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक मेट्रो स्टाफ व सीआईएसएफ जवानों ने उस व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की शिनाख्त साकेत निवासी नितिन चंडोक (42) के रूप में हुई है। वह निजी कंपनी में काम करता था। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।