हत्या का मामला सुलझा
गैंगवार के चलते की गई थी रशीद की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मुठभेड़ के बाद अनवर ठाकुर/हारून गैंग के 2 नाबालिग शार्प शूटरों को पकड़ा है। आरोपियों ने पकड़े जाने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हो गए।
इनके पास से 2 हाई-एंड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 5 कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने इनको पकड़ने के साथ ही रशीद हत्या केस को सुलझाने का दावा किया है।अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल ने बताया कि इंस्पेक्टर मान सिंह व इंस्पेक्टर सुंदर गौतम की टीम को 17 जून को दो वांछित बदमाश अनवर ठाकुर/हारून गैंग के सदस्यों की सूचना मिली थी। पुलिस को पता लगा कि दोनों ही दिल्ली के दयालपुर पुलिस स्टेशन इलाके में रशीद नाम के व्यक्ति की सनसनीखेज हत्या के मामले में वांछित थे। इंस्पेक्टर मान सिंह, एसआई मनीष व विजेंद्र दिवाच की टीम ने उस्मानपुर (तीसरा पुश्ता) से वजीराबाद, दिल्ली जाने वाली सड़क पर घेराबंदी की। रात लगभग 11:05 बजे, गुप्त मुखबिर की सूचना पर मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को रोका गया। पुलिस से घिरे होने पर आरोपियों ने अपनी पिस्तौलें निकालीं और फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से बरामद मोटरसाइकिल सीलमपुर इलाके से चोरी की गई थी।