नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस ने चलती ट्रेन में झपटमारी और चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 11 मामले सुलझाने का दावा किया है। बदमाशों के कब्जे से एक पिस्टल, दो कारतूस, सर्जिकल ब्लेड और चार मोबाइल बरामद किए गए हैं। रेलवे पुलिस उपायुक्त हेमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान खगड़िया बिहार निवासी श्रवण और फिरोजाबाद यूपी निवासी असाहर हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने नई दिल्ली से शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन के बीच गश्त के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्टल मिले। जांच में पता चला कि श्रवण इससे पहले पहाड़गंज, कमला मार्केट, नबी करीम, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और गाजियाबाद में हत्या, लूट और झपटमारी की छह वारदात को अंजाम दे चुका है। वहीं असाहर के खिलाफ हत्या का प्रयास और झपटमारी के मामले दर्ज हैं। ब्यूरो