नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में दो आरोपियों मोहित और परवीन को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा व मारपीट करने आदि का मामला दर्ज किया गया है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि यह घटना मंगलवार को मौर्य एन्क्लेव इलाके के मधुबन चौक पर हुई, जब ट्रैफिक कर्मचारियों ने पीतमपुरा निवासी मोहित और परवीन को बिना हेलमेट पहने गलत साइड में स्कूटी चलाते हुए रोका। उन्होंने बताया कि जब उनसे ड्राइविंग लाइसेंस दिखाने के लिए कहा गया तो दोनों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए हाथापाई की। उनके तीन-चार साथी भी मौके पर आ गए। उन्होंने भी पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने के साथ-साथ वर्दी फाड़ दी और एक सिपाही का मोबाइल फोन भी छीन लिया। पुलिस ने मौर्या एन्क्लेव थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शेष आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ब्यूरो