27 से 29 जून तक त्रिपुरा ग्लोबल पाइनएप्पल फेस्टिव
नई दिल्ली। त्रिपुरा सरकार 27 से 29 जून तक दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में तीन दिवसीय त्रिपुरा ग्लोबल पाइनएप्पल फेस्टिवल का आयोजन करेगी। अंतरराष्ट्रीय पाइनएप्पल दिवस के अवसर पर शुरू होने वाले इस उत्सव में देश विदेश के किसान, व्यापारी, नीति निर्माता और खरीदार शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण त्रिपुरा की जीआई टैग प्राप्त क्वीन पाइनएप्पल होगी। कार्यक्रम में राज्य के 25 स्टॉल लगाए जाएंगे। पांच पाइनएप्पल किसानों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान त्रिपुरा के कृषि मंत्री रतन लाल नाथ ने कहा कि उत्सव का उद्देश्य राज्य के किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ना और क्वीन पाइनएप्पल को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। त्रिपुरा में करीब 12 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में पाइनएप्पल की खेती होती है। सालाना लगभग 1.78 लाख मीट्रिक टन उत्पादन होता है। सरकार खेती, प्रसंस्करण और निर्यात बढ़ाने के लिए 236 करोड़ रुपये की मिशन क्वीन पाइनएप्पल परियोजना भी चला रही है। ब्यूरो