दिल्ली में तीन तलाक का मामला आया सामने
- फोटो : एएनआई
तीन तलाक पर कानून बनने के बाद भी लोगों के अंदर जैसे इसका खौफ नहीं है। कुछ दिनों के बीच में दिल्ली में एक बार फिर तीन तलाक का मामला सामने आया है। इसके पीछे की वजह भी ऐसी है जो हैरान करने वाली है।
न्यूज एजेंसी एएनआई की ट्वीट के मुताबिक महिला को उसके पति ने इसलिए तीन तलाक दे दिया क्योंकि वह बेटा पैदा नहीं कर सकी। महिला की दो बेटियां हैं। महिला के पति ने उसे जून 2020 में तलाक दिया था। इसके साथ ही उसने महिला को गुजारा भत्ता देने से भी इनकार कर दिया। महिला की बेटियां 18 और 20 साल की हैं। हुमा हाशिम नाम की पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ कोर्ट में अपील की है।
हुमा ने बताया कि उनके पति को हमेशा से बेटा चाहिए था और इसके लिए उसने हुमा का कई बार गर्भपात कराया। हुमा ने बताया कि वो एक दिन मेरी बेटी को मार रहा था। जब मैंने बेटी को बचाने की कोशिश की तो उसने मुझे मुक्का मारा और मेरे ऊपर थूका। इसके बाद उसने मुझे तीन तलाक दे दिया। हमने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत देनी चाही लेकिन पुलिस ने उस पर कोई ध्यान नहीं दिया। हमने उससे भत्ता भी मांगा लेकिन उसने कुछ नहीं दिया।