नेशनल कांफ्रेंस के नेता और पूर्व एमएलसी त्रिलोचन सिंह वजीर की हत्या के मामले में आरोपी हरमीत सिंह के परिवार से जम्मू में पूछताछ की जा रही है। वहीं, आरोपी के फेसबुक में पोस्ट किया गया कबूलनामा जो वायरल हो रहा है, उसकी भी जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा कर रही है।
मालूम हो कि त्रिलोचन सिंह की हत्या के मामले में शनिवार को सामने आए नए मोड़ ने सभी को चौंका दिया है। सोशल मीडिया और आरोपी हरमीत सिंह के फेसबुक अकाउंट पर कल इस मामले का चार पन्नों का कबूलनामा वायरल हुआ था। इसमें आरोपी ने कबूल किया है कि उसने कैसे हत्या की है, किन कारणों से वह ऐसा करने के लिए विवश हुआ।
वजीर के साथ चल रहा था आरोपी का विवाद
आरोपी ने लिखा है कि किसी बात को लेकर वजीर से उसका विवाद चल रहा था। वजीर ने उसे गाली दी थी। इसके बाद वह उनके कमरे में गया और पूछा कि क्यों दुश्मनी निभा रहे हो। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने वजीर के सिर पर गोली मार दी। वायरल पोस्ट में 27 बिंदुओं में सारी कहानी फिल्मी अंदाज में लिखी गई है।