कोरोना जांच करते स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में मंगलवार को कोरोना के 94 नए मरीजों की पुष्टि हुई, जबकि एक की मौत हो गई। 110 मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब कुल संक्रमितों की संख्या 6,37,181 हो गई है। इनमें से 6,25,268 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इस महामारी से अब तक कुल 10894 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल कोरोना के 1019 सक्रिय मामले हैं।
वहीं अगर देश की बात करें तो कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में अचानक तेजी देखने को मिली है। 15 फरवरी को पिछले 24 घंटे में सामने आए संक्रमित मामले, ठीक हुए मामलों से कहीं ज्यादा है। बीते 24 घंटे में 11,649 नए संक्रमित मिले, वहीं डिस्चार्ज होने वालों की संख्या 9,489 रही और 87 मौतें हुईं। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 2073 बढ़ गई।
सक्रिय मामले बढ़ गए
पिछले कुछ दिनों से नए मामलों की संख्या, ठीक हुए मरीजों से कम रही थी, जिसकी वजह से सक्रिय मामले भी लगातार घट रहे थे। लेकिन गत 24 घंटे में डिस्चार्ज हुए मरीजों की संख्या कम रही, जिससे एक दिन में दो हजार से ज्यादा सक्रिय मामले बढ़ गए।
महाराष्ट्र में दो दिन में पांच गुना बढ़े नए मामले
यही नहीं महाराष्ट्र में भी कोरोना वायरस के मामले फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। दो दिनों के अंदर ही मामलों में पांच गुना की तेजी आई है। पिछले 24 घंटे में देश में 87 मरीजों ने जान गंवाई। अब देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 1,39,637 हो गई है, जबकि कुछ दिन पहले ये आंकड़ा 1.32 लाख था।