विद्यार्थियों को बाहर निकालकर की गई सुरक्षा जांच, झूठी साबित हुई धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में मंगलवार को तीन स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। इसके बाद विद्यार्थियों को बाहर निकाला गया तथा सुरक्षा जांच की गई। धमकी बाद में झूठी साबित हुई, क्योंकि स्कूलों की तलाशी में कुछ भी नहीं मिला।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिन स्कूलों को धमकी मिली, उनमें चाणक्यपुरी स्थित ब्रिटिश स्कूल, धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोदी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, उसके पास सुबह साढ़े 11 बजे धौला कुआं के आर्मी पब्लिक स्कूल से फोन आया जिसके बाद एक अग्निशमन गाड़ी मौके पर भेजी गई। डीएफएस अधिकारी ने कहा कि सघन तलाशी के बाद एक बजकर पांच मिनट पर बम की धमकी फर्जी घोषित की गई। पुलिस को ब्रिटिश स्कूल में भी बम की धमकी वाले ईमेल के बारे में सूचना मिली। जांच के बाद इसे भी झूठी खबर करार दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा कर्मियों ने किसी भी संदिग्ध वस्तु या सामान को लेकर इन स्कूलों के भवनों और आस-पास के इलाकों की तलाशी की। पुलिस जांच के तहत ईमेल के स्रोत का पता लगा रही है और धमकी से जुड़ी जानकारी का भी विश्लेषण कर रही है। एक अधिकारी ने कहा कि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला तथा सुरक्षा एजेंसियों के निरीक्षण के बाद यह धमकी झूठी साबित हुई।
स्कूल ने जारी किया नोटिस
सरदार पटेल विद्यालय ने एक नोटिस में कहा कि सुरक्षा संबंधी धमकी मिलने के बाद सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया। पुलिस को सूचित कर दिया गया। नोटिस के अनुसार, माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की ज़्यादातर परीक्षाएं पूरी हो गई हैं। विद्यालय ने कहा कि बची हुई परीक्षाओं पर कोई फैसला करने से पहले वह स्थिति का सावधानीपूर्वक आकलन करेगा। अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच चल रही है।