पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 22 लाख ठगी की गुत्थी को सुलझाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नोएडा और पश्चिम बंगाल में दबिश देकर टीवी पर वेब सीरीज देखकर ठगी करने वाले गिरोह तीन जालसाजों को को उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों गाजियाबाद स्थित लोनी के लाल बाग निवासी प्रभात वाजपेयी उर्फ अमांडा, मणिपुर निवासी मो. अब्बास खान और राजस्थान के जयपुर निवासी अर्पित मिश्रा उर्फ प्रोफेसर से पुलिस ने 14 मोबाइल फोन32 डेबिट कार्ड समेत सामान बरामद किया है। आरोपियों ने गोकुलपुरी निवासी युवक से करीब 22 लाख रुपये की ठगी की थी।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि एक अक्तूबर 2025 को गोकुलपुरी निवासी रोहित ने निवेश के नाम पर 21.77 लाख रुपये ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्रभात वाजपेयी और मोहम्मद अब्बास खान नाम के दो युवकों की पहचान की। छानबीन के बाद टीम ने नोएडा सेक्टर-49 से दोनों को दबोच लिया। इनके पास से कुल 11 मोबाइल फोन, 17 सिमकार्ड और 32 डेबिट कार्ड बरामद किए। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू की। इन्होंने खुलासा किया कि यह लोग अर्पित मिश्रा उर्फ प्रोफेसर के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने अर्पित की जानकारी जुटाई। बाद में उसे भी पश्चिम बंगाल से दबोच लिया गया। पुलिस इनके बैंक खातों की पड़ताल कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन लोगों ने अब तक कितने लोगों से कितनी रकम की ठगी की। आरोपियों के सभी 32 बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है।