नई दिल्ली। राजधानी में सोमवार से बुजुर्ग लोगों का टीकाकरण शुरू हो रहा है। टीका लेने के लिए फोन पर को-विन एप के माध्यम से पंजीकरण कराना होगा। एक फोन नंबर से 4 लोग रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के सभी 11 जिलों में 1 मार्च से 60 साल से अधिक और 45 साल से ज्यादा उम्र के बीमार लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। को-विन और आरोग्य सेतु एप पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग लोगों की एक बड़ी आबादी स्मार्ट फोन का प्रयोग नहीं करती है। ऐसे में उनकी सुविधा के लिए घर का कोई भी सदस्य अपने फोन नंबर से पंजीकरण कर सकता है। एक मोबाइल फोन से चार अपॉइंटमेंट लिए जा सकते हैं। लेकिन चारों के पहचान पत्र अलग होने चाहिए।
--
टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी करा सकेंगे पंजीकरण
कोविड टास्क फोर्स की सदस्य डॉक्टर सुनीला गर्ग ने बताया कि जो लोग फोन के माध्यम से पंजीकरण नहीं करा सकते, वह सीधा टीकाकरण केंद्र पर आकर वैक्सीन लगवा सकेंगे। लोगों को उनके साथ एक पहचान पत्र जैसे, आधार कार्ड , वोटर आईडी कार्ड और साथ में एक फोटो लेकर केंद्र पर आना होगा। केंद्र पर उपलब्ध सूची से जानकारी के मिलान के बाद उन्हें टीका लगा दिया जाएगा। इस दौरान उन सभी नियमों का पालन होगा, जो अभी तक के टीकाकरण अभियान में हुआ है। उन्होंने बताया की शनिवार को कई केंद्रों पर को-विन एप 2.0 का ट्रायल हुआ। इस दौरान जो भी तकनीकी खामियां आयीं, उन्हें ठीक किया गया।