बुधवार को दिनभर आसमान में सूरज निकला रहा
तेज धूप का सामना करना पड़ा, उमस भरी गर्मी से हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राजधानी के साथ ही एनसीआर के इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान दो दिन तेज बारिश की संभावना जताई है। बीते 24 घंटे पर नजर दौड़ाएं तो मंगलवार को भी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश हुई जिससे मौसम खुशनुमा रहा। आगे भी रुक-रुककर हल्की बारिश या फुहारें पड़ने का क्रम जारी रह सकता है।
इसी कड़ी में बुधवार को दिनभर आसमान में सूरज निकला रहा। इस दौरान लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ा। ऐसे में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आए। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 92 से 61 फीसदी रहा। वहीं, मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए भी हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मौसम विभाग की मानें तो 22 अगस्त को भी बहुत हल्की बारिश या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 23 और 24 अगस्त को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 23 अगस्त को दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने और अधिकांश स्थानों पर एक या दो बार हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर जोरदार बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में आमतौर पर बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 25 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ बहुत हल्की से लेकर हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। 26 अगस्त को भी मौसम कमोबेश ऐसा ही रहने का अनुमान है। इस हफ्ते दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।