दिल्ली में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच शुक्रवार से दो दिन के लिए दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है। अगले 24 घंटों में दिल्ली में तेज हवा चलने के साथ शाम तक बारिश की भी संभावना बनी हुई है। इससे अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को मौसम का रुख बदलेगा और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही शाम तक हल्की बारिश होने की भी संभावना है। अगले 48 घंटों में भी दिल्ली के आसमान में बादल मंडराते रहेंगे और तेज धूप से लोगों को राहत मिलेगी।
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 61और न्यूनतम 21 फीसदी रहा। दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो अमूमन सभी केंद्रों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। दिल्ली के स्पोर्ट्स कंपलेक्स इलाके में अधिकतम तापमान 42.4, आया नगर में 40.6, पालम में 40.9 व लोधी रोड में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि इस सप्ताह की शुरुआत से ही दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। साथ ही दिन में गर्म हवाएं भी चल रही हैं। हालांकि, अभी मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में लू की स्थिति नहीं बन रही है। क्योंकि, अधिकतम तापमान में सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस अधिक की बढ़ोत्तरी नहीं हो रही है।मौसम विभाग का अनुमान है कि इस माह के अंत तक दिल्ली में लू चलने की भी संभावना है।
खराब श्रेणी में दर्ज की गई दिल्ली- एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर की हवा गुरुवार को खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। एनसीआर में शामिल केवल गुरुग्राम की हवा औसत श्रेणी में रही। अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना को देखते हुए हवा की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 220 के साथ खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद और गाजियाबाद का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 252 और 256 क्रमश: रहा।
सफर के मुताबिक, अगले 24 घंटों में दिल्ली में तेज हवाओं के चलने के साथ-साथ बारिश की भी संभावना है। इस वजह से एक ओर जहां तेज हवा के साथ दिल्ली में धूल भरी आंधी प्रदूषण को बढ़ाएगी वहीं बारिश होने से प्रदूषण में सुधार होने की संभावना है।