नई दिल्ली। निहाल विहार थाना पुलिस ने घर से डेढ़ लाख रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नांगलोई निवासी आनंद प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से दो हजार रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, निहाल विहार थाने में घर से रुपये चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर एसीपी पश्चिम विहार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान की। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी नांगलोई स्थित अपने घर में छिपा हुआ है। इसके आधार पर टीम ने उसके घर पर छापा मारकर आनंद प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात में एक अन्य साथी के साथ शामिल होने की बात कबूल की। संवाद