एबीवीपी से जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के माही मांडवी हॉस्टल में वेज-नॉन वेज खाने के नोटिस संबंधी मामले को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। इस मुद्दे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव वैभव मीणा ने हॉस्टल मेस में वेज खाने वाले छात्रों की दिक्कतों को लेकर शुक्रवार को छात्र डीन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। साथ ही अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा।
जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव वैभव मीणा ने कहा कि खाने की शुद्धता और पवित्रता सुनिश्चित करवाने का पूरा अधिकार है। उसी को लेकर प्रदर्शन किया था। परिसर में वेज खाने वाले छात्रों के अनुसार खाने की व्यवस्था हो, उसको लेकर स्टूडेंट डीन से मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह सभी हॉस्टल के वार्डन को निर्देशित करेंगी कि अगर किसी वेज खाने वाले छात्र को कोई दिक्कत या कोई समस्या है तो उसे दूर किया जाए जिससे किसी को असुविधा और असहजता न हो।
बता दें कि पिछले माह जुलाई के आखिर में जेएनयू के माही मांडवी हॉस्टल में खाने की व्यवस्था को लेकर वेज-नॉन वेज संबंधी नोटिस लगाने को लेकर विवाद हो गया था। जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष नीतीश कुमार के हस्तक्षेप के बाद उस नोटिस को हटा लिया गया।