सांसद खेल महोत्सव के सातवें दिन खेले गए चार मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी चौक स्थित दिल्ली विकास प्राधिकरण के मैदान में सांसद खेल महोत्सव के सातवें दिन प्रतियोगिता के अंतर्गत चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। मुखर्जी नगर, नंद नगरी, घोंडा व सोनिया विहार की टीम ने जीत हासिल की।
पहले मुकाबले में मुखर्जी नगर और झड़ौदा की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर मुखर्जी नगर ने झड़ौदा को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया। झड़ौदा की टीम 8.2 ओवर में 10 विकेट खोकर 64 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुखर्जी नगर की टीम ने 5.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 65 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे मैच में कर्दमपुरी और नंद नगरी के बीच मुकाबला हुआ। नंद नगरी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट पर 106 रन बनाए। जवाब में कर्दमपुरी की पूरी टीम 10 ओवर में 67 रन पर सिमट गई। तीसरे मुकाबले में घोंडा और कादीपुर की टीमें भिड़ीं। कादीपुर ने 9 ओवर में 10 विकेट खोकर 94 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए घोंडा की टीम ने 9 ओवर में 7 विकेट पर 97 रन बनाकर जीत दर्ज की। चौथे मैच में सोनिया विहार और मौजपुर की टीमें मैदान पर उतरीं। मौजपुर की टीम 7.4 ओवर में 57 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में सोनिया विहार की टीम ने 4 ओवर में 1 विकेट खोकर 58 रन बनाकर मुकाबला समाप्त किया।