पंजाबी बाग स्थित स्वामी शिवानंद मेमोरियाल स्कूल के खिलाफ मिली शिकयातों के आधआर पर दिल्ली सरकार ने स्कूल प्रबंधन का अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है। आरोप है कि स्कूल बच्चों से मनमानी फीस वसूल रहा था। साथ ही शिक्षा के अधिकार अधिनियम का भी उल्लंघन किया जा रहा था।
अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल द्वारा बच्चों को जानबूझकर परीक्षा में फेल कर दोबारा उसी कक्षा में पढ़ने के लिए मजबूर किया जा रहा था। दिल्ली सरकार ने अभिभावकों की शिकायतों के आधार पर जांच कमेटी का गठन किया था।
जांच कमेटी ने स्कूल के कामकाज में अनियमितता पाई और अपनी रिपोर्ट में बताया कि स्कूल को लेकर अभिभावकों द्वारा की गई शिकायतें सही थी। कमेटी रिपोर्ट के बाद स्कूल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने का भी मौका दिया गया, लेकिन स्कूल की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं मिला।
स्कूल पर लगे आरोपों के सही होने पर दिल्ली सरकार ने स्कूल के प्रबंधन को अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है। दिल्ली स्कूल एजुकेशन एक्ट 1973 के तहत स्कूल के प्रबंधन का अधिग्रहण करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।