नई दिल्ली। भगवान वाल्मीकि के धाम अमृतसर से भगवान राम और माता सीता के पुत्र लव-कुश की जन्मस्थली से लाई गई पावन ज्योति का स्वागत श्री खाटू श्याम दिल्ली धाम में हजारों भक्तों की उपस्थिति में किया गया। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर, दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष कपिल खन्ना और श्री खाटू श्याम दिल्ली धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता जावेरी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।
आलोक कुमार ने बताया कि वे स्वयं अमृतसर जाकर यह पावन ज्योति दिल्ली लाए हैं। अमृतसर से रथ यात्रा के रूप में लाई गई यह ज्योति पूरे नवरात्रि श्री खाटू श्याम धाम में स्थापित रहेगी और दिल्ली के अनेक मंदिरों एवं रामलीलाओं में भी इसे पहुंचाया जाएगा। मुकेश ने कहा कि भगवान वाल्मीकि रचित रामायण में प्रभु श्रीराम ने कोई चमत्कार नहीं किया, बल्कि मर्यादा में रहकर आदर्श स्थापित किया। यह संदेश आज भी हमारे लिए अनुकरणीय है। कपिल खन्ना ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की ज्योति दिल्ली के मंदिरों में स्थापित हो रही है और इस कार्य में संपूर्ण हिंदू समाज की एकजुटता दिखाई दे रही है।