घरों में काम करने वाली सेविकाएं व कोविड काल में घर-घर से कूड़ा उठाने वाले भी कोविड सुरक्षा कवच से लैस होंगे। इसके लिए रेजिंडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने पहल की है। सोसायटी के डॉक्टरों की देखरेख में ही मुफ्त टीका उन्हें लगेगा। टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए घर में काम करने वाली सेविका को राशन का पैकेट भी सोसायटी की तरफ से दिया जाएगा। इसे लेकर सरकार की तरफ से भी हरी झंडी दे दी गई है।
कोविड काल में मुखर्जी नगर एसएफएस रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने ऑक्सीजन की उपलब्धता के साथ दस बेड वाला कोविड केयर सेंटर चला कर अन्य संगठनों को राह दिखाने का काम किया, तो अब इसी कोविड केयर सेंटर को वैक्सीनेशन सेंटर में तब्दील कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी आयु वर्ग के लोगों को इस केंद्र में मुफ्त टीका लगाया जाएगा।
सोसायटी वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े दिल्ली यूनिवर्सिटी के एसोसिएट्स प्रोफेशर डॉ चंद्रचूड़ सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन सेंटर पर ना केवल सोसायटी के लोगों को कोविड संक्रमण से बचने के लिए टीका दिया जाएगा बल्कि सेविकाओ, वॉच मैन, सफाई कर्मियों को भी टीका लगाया जाएगा। स्थानीय प्रशासन ने इसकी स्वीकृति भी दे दी है।
सोसायटी में रहने वाले शिक्षक सुनील अभिव्यक्ति ने बताया कि आज के समय में सबसे आवश्यक है टीका लगाने के लिए प्रोत्साहन देना। कई लोगों में इस टीके को लेकर डर व्याप्त है। इसे खत्म करने की आवश्यकता है। टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए सेविकाओं को राशन का पूरा किट भी वितरित किया जाएगा।
कोविड केयर सेंटर के इंचार्ज डॉ. सुमन कुमार ने बताया कि सेंटर को पूरे तरह से सेनेटाइज किया जाएगा। कोविशिल्ड वैक्सीन सभी लगाया जाएगा। टीका की बर्बादी ना हो इसपर ताकीद रखी जाएगा। सुबह 10 बजे से 4 बजे तक टीका अभियान चलेगा। पंद्रह लोगों का ग्रुप बनाया गया है। सोसायटी के ही सेंट्रल पार्क में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। कोविड संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क की अनिवार्यता रहेगी।