अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला:
- ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ थीम पर दिखाई रेलवे की प्रगति और आधुनिकता की झलक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भारतीय रेलवे का पवेलियन इस वर्ष विशेष आकर्षण बना हुआ है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर तैयार इस स्टॉल में रेलवे ने अपने आधुनिक विकास, इंजीनियरिंग कौशल और भविष्य की हाई-स्पीड परिवहन योजनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया है। इस वजह से दिनभर आन्गतुकों की आवाजाही लगी रही।
स्टॉल में देश के विभिन्न हिस्सों में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने वाली प्रमुख परियोजनाओं को प्रमुखता से दिखाया गया है। दुनिया के सबसे ऊंचे चेनाब ब्रिज, पूर्वोत्तर की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में निर्मित बैराबी-साएरंग प्रोजेक्ट, समुद्र पर बने ऐतिहासिक पंबन ब्रिज और पश्चिमी भारत के आधुनिकीकरण का प्रतीक देशनोक स्टेशन के मॉडल आगंतुकों का ध्यान खींच रहे हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण परियोजना कटनी ग्रेड सेपरेटर सिस्टम का विस्तृत मॉडल भी प्रदर्शनी का हिस्सा है। 33.40 किमी लंबी इस परियोजना में 15.85 किमी का उप-ग्रेड सेपरेटर चालू है, जबकि 17.52 किमी का डाउन-ग्रेड सेपरेटर निर्माणाधीन है। रेलवे की आधुनिक ट्रेनों वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत और हाइड्रोजन ट्रेन के वर्किंग मॉडल युवाओं के लिए आकर्षण बने हुए हैं। इसके अलावा लोकोमोटिव और वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जैसे रोलिंग स्टॉक मॉडल भी प्रदर्शनी को रोचक बना रहे हैं। ‘मेक इन इंडिया’ की सफलता को दर्शाते हुए भारतीय निर्यात लोकोमोटिव भी स्टॉल में प्रमुखता से प्रदर्शित हैं। यहां पर इंटरैक्टिव क्विज, चेनाब ब्रिज का थ्री डी वर्चुअल अनुभव और डिजिटल सेल्फी प्वाइंट स्टॉल को और भी रोचक बना रहे हैं।