गीता कॉलोनी स्थित सहारनपुर-देहरादून हाईवे के शुरू होने से जनता ने थोड़ी राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन रफ्तार की गलियारे में दौड़ रहे बेलगाम ई-रिक्शा और उल्टी दिशा से आ रहे वाहन चालक यात्रियों के सिर पर काल बनकर मंडरा रहे हैं। जिस हाईवे को रफ्तार और सुगमता के लिए बनाया गया था, वहां अब नियमों की अनदेखी हो रही है। आलम यह है कि रफ्तार के शौकीनों ने इस हाईवे को दुर्घटनाओं के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है। वे जल्दबाजी के चक्कर में उल्टी दिशा में ही अपने वाहन दौड़ा रहे हैं और आम लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। वहीं, इस स्थिति को लेकर ट्रैफिक पुलिस भी लापरवाह बनी हुई है। शायद वे इन तमाम घटनाओं को लेकर अनभिज्ञ हैं। वे नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों पर लगाम कसने में विफल हो रही है।
मामले को लेकर जब इस हाईवे की सोमवार को पड़ताल की गई तो उस दौरान नियमों की अवहेलना दिखाई दी। पड़ताल के लिए गीता कॉलोनी से दोपहर 12:50 बजे सफर शुरू किया गया और 1:10 बजे तक खजूरी खास चौक तक पहुंचा जा सका। उस दौरान करीब पांच किलोमीटर के सफर में देखा कि वाहन चालक चंद मिनट बचाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर उल्टी दिशा में वाहन दौड़ा रहे हैं। तेज रफ्तार से आ रहे वाहनों के सामने अचानक विपरीत दिशा से आ रही बाइक, ई-रिक्शा और टेंपो न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं, बल्कि किसी भी समय हादसे का सबब बन सकते हैं।
नियमों को दिखा रहे चालक ठेंगा
पड़ताल के दौरान वाहन चालक नियमों को ठेंगा दिखाते हुए नजर आए। हाईवे पर ई-रिक्शा की आवाजाही धड़ल्ले से हो रही है। कायदे से जिन भारी वाहनों और तेज रफ्तार गाड़ियों के लिए यह मार्ग बना है, वहां बीचों-बीच रेंगते ई-रिक्शा और उल्टी दिशा में आ रहे वाहन हादसों को न्योता दे रहे हैं।
यहां-यहां हो रही है नियमों की अवहेलना
गीता कॉलोनी से पहले वाहन चालक हाईवे पर चढ़ते हैं और कुछ दूर जाने के बाद वह वापस लौट आते हैं। यहीं से ई-रिक्शा चालक भी समय बचाने के चक्कर में सामान लादकर खजूरी खास की ओर जा रहे हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा चालक शास्त्री पार्क पुश्ता रोड, गामड़ी पुश्ता रोड और सीलमपुर शास्त्री पार्क की जाने वाले यू-टर्न से भी आवाजाही कर रहे हैं। साथ ही, चालक जल्दबाजी के चक्कर में यहां नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
हाईवे पर बिखरी पड़ी है गंदगी और शराब की बोतलें
हाईवे शुरू हुए कुछ ही सप्ताह हुए हैं और अभी से ही हाईवे पर सड़क किनारे गंदगी का अंबार लगता जा रहा है। साथ ही, सड़क किनारे शराब की बोतलें भी पड़ी है। हाईवे की देखभाल करने वाले एक कर्मी ने बताया कि रात के समय कुछ असामाजिक तत्व अपनी गाड़ियां इमरजेंसी प्वाइंट पर खड़ी करके नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं और बोतलें सड़क किनारे ही फेंक कर चले जाते हैं।