दोनों पैरों में लगी गोली, पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने चलाई तीन राउंड गोली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी जिला पुलिस ने वजीराबाद रोड पर बुधवार को महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस और बदमाश के बीच शुक्रवार तड़के गोकलपुरी इलाके में मुठभेड़ हुई। बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस के जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल बदमाश को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है, उसकी पहचान साहिबाबाद निवासी माजिद चौधरी के रूप में हुई है। इसके कब्जे से पुलिस ने पिस्टल, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है।
जिला पुलिस उपायुक्त जाॅय टिर्की ने बताया कि वाहन चोरी निरोधक शाखा को सूचना मिली कि महिला की हत्या करने वाला बदमाश बृहस्पतिवार देर रात गोकलपुरी में किसी से मिलने के लिए आने वाला है। पुलिस ने एक टीम गठित कर गोकलपुरी इलाके में घेराबंदी कर दी। बाइक से पहुंचे बदमाश को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने गोली चला दी। बदमाश ने पुलिस टीम पर तीन राउंड गोलियां चलाईं। एसआई सुखबीर सिंह ने जवाब में दो राउंड गोली चलाई, जो बदमाश के दोनों पैरों में लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया और जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया।