संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राजधानी में वायु प्रदूषण और गर्म मौसम से लोगों की परेशानी बढ़ी है। ताजा अध्ययन के मुताबिक, साल के कुल 8,760 घंटों में से केवल 259 घंटे ही ऐसे हैं, जब दिल्ली की हवा साफ और मौसम सुहावना होता है।
यानी, साल का महज तीन फीसदी समय ही दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य के लिए अनुकूल और आरामदायक मिलता है। यह चौंकाने वाला खुलासा अहमदाबाद की सेंटर फॉर एनवायरमेंट प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईपीटी) यूनिवर्सिटी और क्लाइमेट-टेक स्टार्टअप ‘रेस्पिरर लिविंग साइंसेज’ की संयुक्त शोध रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में सालभर में करीब 2,210 घंटे ऐसे होते हैं, जब तापमान 18 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, जिसे आरामदायक माना जाता है। लेकिन इस दौरान 88 फीसदी समय यानी 1,951 घंटे हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रहती है। इस समय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 150 से अधिक रहता है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह है।
अन्य शहरों की तुलना में दिल्ली की हालत खराब
अध्ययन में दिल्ली की स्थिति को अन्य शहरों की तुलना में अधिक चिंताजनक बताया गया है। बंगलुरु में सालभर में 8,100 से ज्यादा घंटे साफ हवा और सुहावने मौसम के होते हैं। अहमदाबाद भले ही गर्मी के लिए जाना जाता हो, फिर भी दिल्ली की तुलना में ज्यादा समय तक बाहर रहने के लिए अनुकूल परिस्थितियां देता है। हालांकि, चेन्नई की स्थिति भी दिल्ली जैसी ही है, जहां 88 फीसदी आरामदायक समय खराब हवा की गुणवत्ता से प्रभावित होता है।