पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज से आरोपियों की पहचान कर तीन को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंद्रपुरी इलाके में नाबालिगों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक 15 साल के नाबालिग की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त प्रवीण (15) के रूप में हुई है। वारदात को उसके पड़ोस में रहने वाले तीन नाबालिगों ने अंजाम दिया। पार्क में वारदात को अंजाम देकर तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज से आरोपी नाबालिगों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 27 फरवरी की रात नौ बजे इंद्रपुरी थाना पुलिस को हरित पार्क में एक किशोर को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर को खून से लथपथ हालत में पाया। उसके सीने और पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए थे। पुलिस उसे पास के अस्पताल में लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
छानबीन में पता चला कि प्रवीण परिवार के साथ इंद्रपुरी इलाके में रहता था। वह सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्रवीण मंगलवार की शाम अपने एक दोस्त के साथ पार्क में गया था। पूछताछ में उसके दोस्त ने बताया कि तीन लड़कों का उनके साथ झगड़ा हुआ था। आरोपियों ने प्रवीण पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने वारदात के 12 घंटे बाद ही तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि पकड़े गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।