जम्मू कश्मीर पुलिस से जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने किशोर को सकुशल बरामद किया
परिजनों ने बनिहाल में दर्ज करवाया था अपहरण का मामला, देर रात बस की तलाश करता मिला किशोर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कोतवाली थाना पुलिस ने पिता की डांट से नाराज होकर जम्मू कश्मीर से दिल्ली आए 16 साल के एक किशोर को सुरक्षित बरामद कर लिया है। बच्चे के गायब होने के बाद परिवार वालों ने कश्मीर के बनिहाल में अपहरण का मामला दर्ज करवाया था।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि 2 नवंबर को कोतवाली थाना पुलिस को जम्मू कश्मीर के खारी बनिहाल चौकी के उप निरीक्षक आकाश का फोन आया। उन्होंने बताया कि रामबन के रहने वाले 16 साल के किशोर का अपहरण हो गया है। किशोर के फोन की जांच में पता चला है कि वह दिल्ली के कोतवाली इलाके में मौजूद है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से साझा किए गए विवरण पर दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू की। उप निरीक्षक योगेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर पुलिस टीम ने किशोर की लोकेशन की जानकारी के लिए उसके फोन को सर्विलांस पर लगाया। लेकिन फोन बंद होने के कारण लोकेशन नहीं मिल रही थी। पुलिस टीम ने किशोर के सौ से अधिक फोटो को आस पास के इलाके में चस्पा किया और लोगों से किशोर के बारे में जानकारी देने की अपील की। साथ ही पुलिस टीम भीड़भाड़ वाले बाजारों में किशोर की फोटो को दिखाकर उसके बारे में जानकारी हासिल करने में जुट गई।
रात करीब 10 बजे पुलिस टीम ने किशोर को बस की तलाश करते हुए नागपाल डेयरी ट्रैवल्स एजेंसियों के पास घूमता हुआ देखा। पुलिस टीम ने किशोर से बात की और उसकी फोटो को जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ साझा की। जम्मू-कश्मीर पुलिस से किशोर के बारे में पुष्टि मिलने के बाद पुलिस टीम ने किशोर से अपहरण के बारे में पूछा। किशोर ने बताया कि उसका किसी ने अपहरण नहीं किया था बल्कि वह अपने पिता के डांटने के बाद वहां से भागकर दिल्ली आ गया। किशोर की मेडिकल जांच कराई गई और उसे डीएमआरसी बाल गृह को सौंप दिया। अगले दिन दिल्ली पुलिस ने किशोर को सीडब्ल्यूसी सदस्यों के समक्ष पेश किया। इसी दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस भी दिल्ली पहुंच गयी। सीडब्ल्यूसी सदस्यों के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए दिल्ली पुलिस ने किशोर को आगे की जांच के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया।