नई दिल्ली। स्नातक और स्नातकोत्तर प्रोग्राम के स्टडी वेब ऑफ एक्टिव-लर्निंग फॉर यंग एस्पाइरिंग माइंड्स (स्वयं) के तहत जनवरी 2020 सेमेस्टर के ऑनलाइन मूक कोर्स की फाइनल परीक्षा अब 15 सितंबर से होगी। कोरोना के कारण जनवरी सेमेस्टर की परीक्षा पहले स्थगित कर दी गई थी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने परीक्षा की जिम्मेदारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को दी है।
यूजीसी के सचिव प्रो. रजनीश जैन की ओर से इस संबंध में विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को सूचना भेज दी गई है। स्वयं के जनवरी सत्र के तहत स्नातक (82 कोर्स) और स्नातकोत्तर (42 कोर्स) प्रोग्राम के इन ऑनलाइन कोर्स की परीक्षा 15 और 16 सितंबर को आयोजित होगी।
वहीं, यूजीसी ने कोरोना के कारण स्वयं के जुलाई सेमेस्टर का कार्यकाल 45 दिन बढ़ा दिया है। सेमेस्टर 14 सितंबर से शुरू होगा जबकि 14 अक्तूबर तक रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। कोर्स 14 दिसंबर तक समाप्त होगा। वहीं, 15 से 30 नवंबर के बीच परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा।
जुलाई सेमेस्टर की परीक्षा दिसंबर आखिर या फिर जनवरी 2021 में होगी। परीक्षा के एक महीने के अंदर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी परीक्षा का रिजल्ट जारी कर देगी। रिजल्ट के 15 दिनों के अंदर सर्टिफिकेट जारी होंगे।