स्विट्जरलैंड के राजदूत राफ हैक्नर ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस मौके पर केजरीवाल ने कोरोना काल में उठाए गए कदमों पर विस्तार से चर्चा की। स्विस राजदूत ने कोरोना से निपटने के लिए दिल्ली सरकार की तरफ से उठाए गए कदमों की तारीफ की।
अरविंद केजरीवाल ने स्विस राजदूत को बताया कि दिल्ली में कोरोना के पीक समय के दौरान भी बेड की कमी नहीं हो पाई। होम आइसोलेशन प्रणाली इसमें मददगार साबित हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बिना लक्षण वाले या कम लक्षणों वाले मरीजों को उनके घर पर ही इलाज देने की सुविधा प्रदान की गई। होम आइसोलेशन पद्धति बहुत ही सफल रही और बाद में देश के अन्य राज्यों के साथ विदेशों में भी इसे अपनाया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके साथ दिल्ली सरकार ने एक एप लांच किया। इसके जरिए हर किसी को पता चलता रहा कि किस अस्पताल में बेड खाली है। इससे लोगों को काफी सहूलियत मिली। मुख्यमंत्री ने स्विस राजदूत को दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली (एमआईएमएस) की भी जानकारी दी। इसमें एक-एक नागरिक को हेल्थ कार्ड दिया जाएगा, जिसमें उसकी स्वास्थ्य संबंधी सभी जानकारी उपलब्ध होगी और इसकी मदद से उसे बेहतर इलाज मिल सकेगा।
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों के संबंध में भी राजदूत राफ हैक्नर के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सरकार ईवी पॉलिसी समेत कई कदम उठा रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है और तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। दिल्ली सरकार आईआईटी कानपुर, आईआईटी दिल्ली और टेरी का भी सहयोग ले रही है। आईआईटी कानपुर और दिल्ली ने तकनीक विकसित की है, जिससे किसी स्थान पर निश्चित समय के दौरान होने वाले प्रदूषण के वास्तविक स्रोत का पता लगाया जा सकता है।
इस बैठक में अरविंद केजरीवाल ने राजदूत राफ हैक्नर के सामने दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सहयोग की अपेक्षा भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कदम उठा रही है। इसके लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। सीएम ने पर्यटन क्षेत्र में काम करने वाली स्वीट्जरलैंड की नामी कंपनियों को दिल्ली में निवेश करने को लेकर भी चर्चा की, ताकि दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।