घर के हालात पहले से ही संघर्षपूर्ण थे। करीब पांच साल पहले एक सड़क हादसे में पिता के पैर में गंभीर चोट लग गई थी जिसके बाद से वह कोई काम नहीं कर पाते हैं। परिवार की आर्थिक गाड़ी को संभालने की जिम्मेदारी दूसरे नंबर के भाई पर थी जो एक फैक्टरी में सिलाई का काम कर रहा है। घर में एक भाई बोलने और सुनने में असमर्थ है, जबकि सबसे बड़ा भाई परिवार से अलग रहता है।
पेंटिंग का था खास शौक
अपनों के बीच बेहद शांत और प्रतिभाशाली स्वभाव की किशोरी को चित्रकारी (पेंटिंग) का गहरा शौक था। वह किसी भी मूर्ति या सामने रखी अन्य चीजों को देखकर उसकी हूबहू पेंटिंग बना देती थी।
परिजनों के गंभीर सवाल
घटना के बाद मृतका की भाभी और चचेरे भाई ने स्कूल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि उनके घर में ऐसा कोई वाहन नहीं है जिसके लिए घर में पेट्रोल या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ रखा जाता हो। चचेरे भाई ने सवाल उठाया कि जब पेट्रोल पंपों पर खुली बोतल में पेट्रोल मिलना प्रतिबंधित है तो आखिर लक्ष्मी के पास ज्वलनशील पदार्थ कैसे पहुंचा।
मौके पर पहुंचते ही सबके उड़ गए होश
दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार की सुबह सर्वाेदय कन्या विद्यालय में 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा की ओर से परिसर में आत्महत्या को लेकर स्कूल प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर कैसे तमाम स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में छात्रा ने ऐसा कदम उठा लिया, क्या किसी ने छात्रा को ऐसा करते हुए नहीं देखा। सूत्रों ने कहा कि छात्रा के चिल्लाने पर स्कूल में मौजूद स्टाफ को जब पता चला तो वह वहां भागे। वहां पहुंचते ही सभी के होश उड़ गए। छात्रा मुंह के बल गिरी पड़ी थी। उसके शरीर की हरकत भी थम चुकी थी। फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूत्रों बताईं कुछ अनसुनी बातें
खबर मिलने के कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूत्रों ने कहा कि छुट्टी से पहले ही स्कूल की छात्राओं को घर भेज दिया गया। इस बीच धीरे-धीरे शिक्षा विभाग के अधिकारी भी वहां पहुंच गए। स्कूल सूत्रों ने बताया कि शनिवार को स्कूल में इंस्पेक्शन था। उसको लेकर पूरा स्कूल ही अलर्ट मोड में था। अमूमन इंस्पेक्शन के दौरान स्कूल के रिकॉर्ड्स से लेकर तमाम चीजों की पड़ताल होती है।
सूत्रों ने बताया कि स्कूल में उस समय सातवां पीरियड चल रहा था। अचानक छात्रा ने पानी पीने जाने की टीचर से इजाजत ली और पानी की बोतल लेकर क्लास से निकल गई। इसके बाद छात्रा गार्ड रूम के पीछे पहुंची। यहीं पर पानी की टंकी भी लगी है। छात्रा ने वहीं पर अपने ऊपर बोतल से ज्वलनशील पदार्थ डाला और खुद को आग लगा ली। उसके चिल्लाने की आवाज जब स्टाफ तक पहुंची तो सभी भागे-भागे वहां पहुंचे।
परिजनों ने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया
छात्रा के परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है, छात्रा की भाभी का कहना है कि स्कूल में बच्चों को टीचर्स के हवाले कर दिया जाता है। कैसे उनकी मौजूदगी में छात्रा के साथ ऐसा हुआ। परिवार ने आरोप लगाया है कि छात्रा के साथ कुछ अनहोनी हुई है, वह ऐसा कदम नहीं उठा सकती है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छात्रा को पढ़ाने वाले तमाम टीचर्स से पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा शनिवार को जिस टीचर के पीरियड से छात्रा ने पानी पीने की बात निकली थी, उससे भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस स्कूल में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई है।
पुलिस ने स्कूल डीवीआर कब्जे में लिया
हादसे के बाद जांच करने पहुंची पुलिस टीम ने स्कूल से आत्महत्या मामले में साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने स्कूल में लगा सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लिया है। इसके अलावा स्कूल के गार्ड से भी पूछताछ की जा रही है। इसका पता लगाया जा रहा कि हादसे के समय गार्ड कहां था। इसके अलावा छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनकर सबसे पहले कौन पहुंचा। पुलिस ने छात्रा की हाजिरी के रजिस्टर की भी पड़ताल की है। छात्रा की सहेलियों से भी पूछताछ की है। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत तमाम एंगल से पड़ताल कर रही है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान कुछ अहम जानकारियां उनकी टीम को मिली हैं।
सुबह 7 बजे बड़ी बहन स्कूल छोड़कर आई थी
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि करीब साढ़े 17 साल की छात्रा परिवार के साथ घोंडली, कृष्णा नगर में किराये के मकान में रहती थी। परिवार मूलरूप से झारखंड के कोडरमा का रहने वाला है। यहां पर माता-पिता के अलावा तीन भाई, एक बहन व भाभी हैं। शनिवार सुबह करीब 7 बजे बड़ी बहन उसे स्कूल छोड़कर आई थी। दोपहर एक बजे तक छात्रा जब स्कूल से घर से नहीं पहुंची तो उसकी भाभी उसे स्कूल लेने पहुंची। स्कूल पहुंचने पर उनको अंदर बुलाया गया और छात्रा के जलने के बारे में बताया गया। इसके बाद बाकी परिजन भी स्कूल पहुंचे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब 11.58 बजे स्कूल में छात्रा के जलने की सूचना मिली।