त्रिलोकपुरी में राशन लेने के लिए लाइन में लगे लगो
- फोटो : amar ujala
पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके की 29 ब्लॉक की गली नंबर एक में मंगलवार को राशन वितरण के दौरान शारिरिक दूरी के नियम के पालन की धज्जियां उड़ती हुई दिखीं। राशन के लिए पहुंचे लोगों ने बिना किसी शारीरिक दूरी का पालन कर राशन केंद्र पर जमा हो भीड़ जमा कर दी। इससे स्थानीय लोगों में भी कोरोना को लेकर चिंता बढ़ गई।
वहीं, मौके पर प्रशासन की ओर से केवल एक ही सिविल डिफेंस वॉलिंटियर तैनात था। जिसकी वजह से भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी हुई। जानकारी के अनुसार, महीने की की प्रत्येक पांच तारीख को यहां पर राशन वितरण होता है। इसी गली में 29 ब्लॉक के साथ-साथ 28 ब्लॉक का भी राशन केंद्र है। इस वजह से मंगलवार को यहां पर राशन कार्ड धारकों की अधिक भीड़ जमा हो गई। सुबह से ही लोग लाइनों में आकर लग गए थे, लेकिन भीड़ बढ़ने के साथ यहां शारीरिक दूरी के नियम की धज्जियां उड़ गईं।
इसको देखते हुए सिविल डिफेंस वालंटियर ने लोगों को शारीरिक दूरी बनाने की हिदायत भी दी, लेकिन अधिक भीड़ होने की वजह से इसका पालन नहीं हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रति माह यहां पर राशन वितरण होता है। हम लोगों की समस्या को समझते हैं और सरकारी काम में बाधा भी नहीं डालते, लेकिन हम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यहां राशन वितरण के दौरान पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। जिससे कोरोना का संक्रमण हमारी कॉलोनी में ना फैल सके।