पूर्वी दिल्ली। श्याम लाल कॉलेज ने दिल्ली विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना खिताब बरकरार रखा। सुपर लीग के आखिरी मुकाबले में कॉलेज की टीम ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज को 9-0 से करारी शिकस्त दी। मैच में प्रत्यूष सिंह जग्गी ने शानदार खेल दिखाते हुए तीन गोल किए और हैट्रिक लगाई। वहीं नंदकिशोर ने दो गोल दागे। मोहम्मद आमिर, भूपेंद्र, हर्ष यादव और टीम के कप्तान के. रोहित ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। प्रतियोगिता में गोल के अंतर के आधार पर श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। इस जीत के साथ श्याम लाल कॉलेज ने एक बार फिर पुरुष हॉकी में अपनी श्रेष्ठता साबित की। ब्यूरो