-जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में मानसिक रूप से बीमार युवती का मामला
-पीड़िता अस्त-व्यस्त हालत में ओपीडी ब्लॉक के पास मिली थी
-पुलिस आरोपी को पहले ही कर चुकी है गिरफ्तार, युवती की पहचान नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में 23 जून को तड़के जिस युवती से यौन उत्पीड़न हुआ था, उसकी मौत हो गई है। हालत गंभीर होने पर उसे सोमवार को जीटीवी अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। बताया जा रहा है कि युवती मानसिक रूप से बीमार थी, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी मोहम्मद फैज को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में रविवार देर रात युवती शौचालय जाने के लिए निकली तो आरोपी ने ओपीडी ब्लॉक की ओर ले जाकर उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, सोमवार सुबह के समय युवती अर्द्धनग्न हालत में मिली थी। दोबारा से युवती को अस्पताल के मिनी आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसी दिन उसको जीटीवी अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार को युवती की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही उसकी मौत की वजहों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवा कर उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। दिल्ली और गाजियाबाद के थानों में जांच कर शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आगे जैसे तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।