सफदरजंग अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का विरोध जारी
नई दिल्ली। सफदरजंग अस्पताल में सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों का विरोध रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (आरडीए) ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी तीन प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। आरडीए का कहना है कि अस्पताल में किसी भी तरह की सेवाएं प्रभावित नहीं हो रही हैं। न ही मरीजों या उनके तीमारदारों को कोई परेशानी हो रही है। आरडीए के अध्यक्ष डॉ. देववंशी कौल ने कहा, उन्होंने अपनी बात रख दी है, अब सोमवार को अस्पताल प्रशासन का रुख देखेंगे। उसके बाद ही हम आगे के कदम पर विचार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक डॉक्टरों को एक सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण नहीं मिलता, उनका विरोध जारी रहेगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। आरडीए का आरोप है कि एनेस्थीसिया विभाग के सीनियर रेजीडेंट (एसआर) के साथ अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने मारपीट की, जिससे नाराज डॉक्टरों ने यह विरोध शुरू किया है। अस्पताल प्रशासन को इस मुद्दे का समाधान जल्द से जल्द निकालने के लिए कहा गया है।