तीन अगस्त तक वरीयताओं को दोबारा व्यवस्थित कर सकेंगे
पांच अगस्त को होगा अपग्रेडेड सीट का आवंटन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक प्रोग्राम में पहले व दूसरे राउंड में दाखिला ले चुके छात्रों को अपनी सीट को अपग्रेड करने का मौका मिला है। डीयू इन छात्रों के लिए सीट को अपग्रेड करने व पहले भरी कॉलेज व कोर्स की वरीयताओं को दोबारा व्यवस्थित करने की विंडो दो अगस्त शाम पांच बजे से खोलने जा रहा है। छात्र तीन अगस्त की शाम 4:59 मिनट तक अपनी सीट को अपग्रेड व वरीयताओं को दोबारा व्यवस्थित कर सकेंगे।
इसके आधार पर उन्हें अपग्रेडेड सीट का आवंटन पांच अगस्त की शाम पांच बजे किया जाएगा। कॉलेज उनके आवेदन का सत्यापन कर दाखिले को मंजूरी पांच अगस्त शाम पांच बजे से छह अगस्त शाम 4:59 मिनट तक देंगे। छात्र फीस का भुगतान सात अगस्त की शाम 4:59 मिनट तक कर सकेंगे।
इसके साथ ही डीयू ने तीसरे सीट आवंटन राउंड व प्रदर्शन आधारित प्रोग्राम (संगीत, बैचलर ऑफ फाइन आट्र्स, फिजिकल एजुकेशन), वार्ड कोटा के दाखिले के लिए पहले राउंड की घोषणा कर दी है। यह 13 अगस्त से शुरू होगा जबकि ईसीए, स्पोर्ट्स, सीडब्लयू के दाखिले के लिए पहले राउंड की घोषणा कर दी है। यह 15 अगस्त से शुरू होगा। डीयू की ओर से इस संबंध में शुक्रवार को विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
खाली सीटों की जानकारी के साथ मिड एंट्री का विकल्प मिलेगा
स्नातक प्रोग्राम में दो राउंड के दाखिले के बाद खाली सीटों की जानकारी आठ अगस्त को शाम पांच बजे जारी की जाएगी। इसके साथ ही छात्रों को मिड एंट्री का विकल्प मिलेगा। इसका लाभ छात्र आठ अगस्त की शाम पांच बजे से दस अगस्त की शाम 4:59 मिनट तक लिया जा सकेगा। मिड एंट्री का लाभ ऐसे छात्रों के लिए होगा जो कि कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) 2025 के तहत पहले राउंड के लिए आवेदन करनेे व दूसरे राउंड को पूरा करने में विफल रहे हैं। अब वह सीएसएएस का हिस्सा बनना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें एक हजार रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। जिन छात्रों को राउंड-1 या राउंड-2 में गलत विषय-मैपिंग और कार्यक्रम विशिष्ट पात्रता की पूर्ति न करने के कारण अस्वीकृत कर दिया गया था वे भी मिड एंट्री के प्रावधान के माध्यम से अपने विषय मैपिंग को सही कर सकेंगे और अपनी प्राथमिकताओं को संपादित कर सकेंगे। डीयू ने तीसरे राउंड के लिए छात्रों को सलाह दी है कि वे खाली सीटों की जानकारी देखकर अपनी कॉलेज व कोर्स की वरीयताएं बनाएं। छात्रों को ध्यान रखना होगा कि वह अपनी वरीयताओं को सेव जरूर करें।
दो राउंड संपन्न होने के बाद 71,366 दाखिले हो चुके
डीयू में स्नातक की 71,624 सीटों के लिए दो राउंड संपन्न होने के बाद 71,366 दाखिले हो चुके हैं। इसके तहत 31,406 ने अपनी सीट से संतुष्ट होकर उसे फ्रीज कर लिया है जबकि दो राउंड तक 36,633 ने अपग्रेड का विकल्प लिया है। अनाथ श्रेणी के तहत 136 छात्रों ने और एकल कन्या श्रेणी के तहत 942 छात्रों ने दाखिला लिया है। इस तरह से अब तीसरे राउंड के लिए बेहद ही कम सीटें बची हैं। ऐसे में डीयू की सलाह है कि छात्र खाली सीट को देखकर ही अपनी वरीयताओं का चयन करें। इसी के आधार पर उन्हें सीट का आवंटन होगा।