नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने हाल ही में ट्यूशन फीस के अलावा कोई शुल्क नहीं लेने और शुल्क मांगने पर फिर से उसे समायोजित करने के आदेश दिए थे। निजी स्कूल इस आदेश का उल्लंघन कर रहे हैं। अभिभावकों की ओर से फीस न भरने पर बच्चों को ऑनलाइन कक्षाओं से निकाला जा रहा है जबकि कुछ ही दिनों में अर्ध वार्षिक परीक्षाएं होने वाली हैं। अभिभावक मंगलवार को शिक्षा मंत्री सिसोदिया से मिलेंगे।
दिल्ली पेरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष अपराजिता गौतम ने बताया कि हमारे पास लगभग 65 नामी स्कूलों की शिकायतें आई हैं। कुछ स्कूलों ने फीस ज्यादा ले ली और अब उसे समायोजित नहीं कर रहे। कुछ अभिभावकों की नौकरी चले जाने के कारण वह फीस भरने में असमर्थ हैं। फीस न भरने के कारण स्कूल बच्चों को ऑनलाइन कक्षाओं से बाहर कर रहे हैं। इससे बच्चे अर्ध वार्षिक परीक्षाएं भी नहीं दे पाएंगे।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी निजी स्कूलों की मनमानी जारी है और अभिभावक काफी परेशान हैं। इस संबंध में बीते कई माह से शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री के पास शिकायतें भेज रहे हैं। अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब सभी अभिभावक स्कूलों के खिलाफ सबूतों के साथ शिक्षा मंत्री के आवास पर पहुंचेंगे जिससे उनसे मुलाकात हो सके।