स्पीड पोस्ट से तलाक भेजने वाला सेल्स मैनेजर गिरफ्तार
नई दिल्ली। किशनगढ़ थाना पुलिस ने स्पीड पोस्ट से तलाक भेजने वाले सेल्स मैनेजर हसन अब्बास को गिरफ्तार किया है। मुनिरका में रहने वाले हसन अब्बास ने अपनी पत्नी को स्पीड पोस्ट से तीन तलाक भेजा था। पत्नी की शिकायत पर किशनगढ़ थाना पुलिस ने 13 अगस्त को मामला दर्ज किया था। दिल्ली में अब तक तीन तलाक के चार मामले सामने आ चुके हैं। शाहदरा, मध्य और उत्तरी जिले के बाद अब दक्षिण-पश्चिमी जिले में तीन तलाक का चौथा मामला सामने आया है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी देवेंद्र आर्या ने बताया कि मुनिरका में रहने वाली रोजना खान(36) ने किशनगढ़ थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उसकी नौ वर्ष पहले हसन अब्बास (38) से शादी हुई थी। वह पिछले छह वर्ष से पति से अलग दादी के साथ रह रही है। उसे 29 जून को एक स्पीड पोस्ट मिला। स्पीड पोस्ट खोला तो पता लगा कि पति ने तीन तलाक लिखा हुआ है। रोजना खान ने शिकायत में पति पर दहेज मांगने का आरोप लगाया था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट करता था। पति बेटी की देखभाल के लिए कुछ पैसे देता था। कुछ समय से वह भी देने बंद कर दिए।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार रोजना खान की शिकायत पर मुस्लिम महिला एक्ट की धारा चार के तहत मामला दर्ज किया गया था। हसन अब्बास को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने हसन अब्बास को जमानत पर छोड़ दिया है।