सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों ने शुक्रवार सुबह हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। बीते बृहस्पतिवार अस्पताल के वार्ड-12 में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट की थी, जिससे गुस्साए डॉक्टरों ने हड़ताल की घोषणा कर दी थी।
शुक्रवार शाम को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन का दौरा होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने भी डॉक्टरों पर हड़ताल खत्म करने का जोर डाला था। प्रबंधन ने आरोपी परिजनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही डॉक्टरों की सुरक्षा बढ़ाने पर वादा किया है। उधर दिल्ली पुलिस भी शिकायत के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुट गई है।
पुलिस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि उमेश और बासू नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।